logo

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज 10 हजार युवाओं को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र, सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर मोरहाबादी में समारोह

ूोकतो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य की दूसरी पारी का एक वर्ष 28 नवंबर यानि आज पूरा हो रहा है। इस मौके पर आज सुबह 11 बजे से मोरहाबादी मैदान में भव्य राज्यस्तरीय समारोह आयोजित किया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम को देखते हुए यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किए गए हैं। 28 नवंबर को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक शहर में भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। समारोह में राज्य सरकार के सभी मंत्री बतौर विशेष अतिथि शामिल होंगे। इनमें वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, कृषि एवं पशुपालन मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की तथा झामुमो कोटे से सुदिव्य कुमार सोनू, योगेंद्र प्रसाद, दीपक बिरुआ, हफीजुल हसन और चमरा लिंडा शामिल हैं।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री करीब 10,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे, जिनमें लगभग 8,000 चयनित अभ्यर्थी होंगे। ये नियुक्तियाँ सहायक आचार्य, कीटपालक, पुलिस उपाधीक्षक, राज्य कर पदाधिकारी, काराधीक्षक, और झारखंड शिक्षा सेवा सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर की जाएंगी। आयोजन की तैयारी को लेकर रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री को निर्देश दिए गए हैं, जो पंडाल निर्माण, मंच व्यवस्था, सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। शहर में नो-एंट्री की व्यवस्था भी कड़ी की गई है। एसएसपी आवास, दिवंगत दिशोम गुरु आवास, अतिथि शाला, मोरहाबादी टीओपी और रेडक्रॉस रोड पर सामान्य वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि समारोह के मार्ग से गुजरते समय चारपहिया वाहनों का उपयोग न करें।

कार्यक्रम में आने वालों के लिए फुटबॉल मैदान (रांची कॉलेज), आर्मी ग्राउंड, टीआरआई मैदान और डीआईजी ग्राउंड को पार्किंग स्थल बनाया गया है। विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करने का निर्देश दिया गया है। आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी अस्थायी रूट डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं।