द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ जिले में आयोजित होने वाली शहीद सोबरन सोरेन की श्रद्धांजलि सभा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी पहुंचेंगे। यह कार्यक्रम 27 नवंबर को है। मुख्यमंत्री शहीद स्थल पर स्थापित शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और शहीद के योगदान को नमन करेंगे। कार्यक्रम से पहले झामुमो रामगढ़ जिला संयोजक मंडली प्रमुख बिनोद किस्कु ने कार्यकर्ताओं के साथ शहीद स्थल एवं पूरे कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। तैयारियों की समीक्षा के दौरान उन्होंने व्यवस्था को सुचारू एवं गरिमामय तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए। इधर, गांव वालों ने एक महत्वपूर्ण मांग भी सामने रखी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा के साथ-साथ इसी स्थल पर दिशोम गुरु और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की प्रतिमा भी स्थापित की जाए। बताते चले कि शिबू सोरेन का निधन इसी वर्ष अगस्त माह में हुआ था। ग्रामीणों का मानना है कि दोनों महान नेताओं की प्रतिमाएं एक ही स्थल पर स्थापित होने से आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
