चतरा
चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत भोज्या गांव में तालाब में डूबने से मां और दो मासूम बेटियों की दर्दनाक मौत के बाद एक और गंभीर और संवेदनहीन मामला सामने आया है। मृतकों के परिजनों से पोस्टमार्टम कराने के बदले पांच हजार रुपये की अवैध वसूली किए जाने का आरोप लगा है। आरोप है कि चतरा सदर अस्पताल में तैनात एक सफाईकर्मी (स्वीपर) ने ढाई हजार रुपये नकद और ढाई हजार रुपये ऑनलाइन वसूले।

प्रशासन की सख्ती, जांच कमेटी गठित
मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायत मिलने पर डीसी रवि आनंद ने पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं। वहीं सिविल सर्जन सत्येंद्र सिंहा ने प्रारंभिक जांच में लगाए गए आरोपों की पुष्टि भी की है। प्रशासन ने इस मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है, जिसमें सदर अस्पताल के उपाधीक्षक और अस्पताल प्रबंधक को भी शामिल किया गया है। कमेटी को 24 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।

कड़ी कार्रवाई के संकेत, जीरो टॉलरेंस नीति
डीसी रवि आनंद ने स्पष्ट कहा है कि पोस्टमार्टम के नाम पर पीड़ित परिवार से अवैध वसूली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने पर संबंधित स्वच्छक की बर्खास्तगी के साथ-साथ अन्य शामिल कर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। प्रशासन ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि ऐसे अमानवीय कृत्यों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।