पूर्वी सिंहभूम:
पूर्वी सिंहभूम में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। पश्चिम बंगाल के मिदनापुर क्षेत्र से गिरफ्तार 2 लाख की इनामी महिला नक्सली मालती मुर्मू की निशानदेही पर चाकुलिया के जोभी जंगल स्थित जमीरा पहाड़ से एक एके-47 राइफल समेत 210 गोलियां और 2 मैगजीन बरामद की गयी। वहीं, एमजीएम थाना क्षेत्र के बंगाल सीमा से सटे कुड़लुंग पहाड़ से एक इंसास राइफल, 85 गोलियां, 3 मैगजीन और अन्य सामग्री बरामद हुई है। संयुक्त सर्च ऑपरेशन में कुल 2 राइफल, 232 गोलियां और 5 मैगजीन बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।

बंगाल, छत्तीसगढ़ और झारखंड पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बुधवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस, कोबरा, एसटीएफ और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटा बांकी व कुड़लुंग पहाड़ तथा चाकुलिया थाना क्षेत्र के बर्डीकानपुर-कालापाथर पंचायत अंतर्गत जोभी गांव के समीप जमीरा पहाड़ के जंगल में अभियान शुरू किया। अभियान शाम करीब 4र बजे तक चला। दुर्गम पहाड़ी इलाकों और घने जंगलों में सुरक्षा बलों ने संदिग्ध ठिकानों को चिह्नित कर सघन तलाशी ली। पश्चिम बंगाल एसटीएफ, झारखंड और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
.jpeg)
एरिया कमिटी की सदस्य रही है मालती मुर्मू
गौरतलब है कि मालती मुर्मू भाकपा माओवादी की एरिया कमेटी की सदस्य रही है। झारखंड पुलिस ने उस पर 2 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस के अनुसार, उसका पति मंगल महतो उर्फ समीर भी माओवादी संगठन में सक्रिय रहा है। दोनों लंबे समय तक संगठन के शीर्ष नेताओं की सुरक्षा में तैनात रहे थे। बताया जाता है कि मंगल एके राइफल और मालती इंसास राइफल लेकर चलती थी। पुलिस के अनुसार, मंगल और मालती पहले माओवादी पोलित ब्यूरो सदस्य और लालगढ़ आंदोलन के प्रमुख चेहरों में रहे कोटेश्वर राव उर्फ किशनजी के बॉडीगार्ड थे। वर्ष 2011 में किशनजी के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद दोनों बंगाल स्टेट कमेटी के सचिव असीम मंडल के बॉडीगार्ड बन गये थे।
बंगाल में रिश्तेदार के घर पर छिपी थी मालती मुर्मू
पुलिस सूत्रों के अनुसार, असीम मंडल के जंगल से बाहर निकलने के बाद मंगल और मालती ने जमीरा पहाड़ क्षेत्र में हथियार छिपाये और संगठन से बाहर निकल गये थे। इसके बाद दोनों पश्चिम बंगाल में एक रिश्तेदार के यहां छिपकर रह रहे थे। संगठन में रहते हुए दोनों ने कथित तौर पर कॉमरेड मैरिज की थी। असीम मंडल की गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ की पूछताछ में मंगल और मालती से जुड़े ठिकानों की जानकारी मिलने की बात सामने आयी। इसके बाद दोनों की तलाश तेज की गयी। पश्चिम बंगाल के मिदनापुर क्षेत्र से मालती के पकड़े जाने के बाद उसे पूर्वी सिंहभूम लाकर उसकी निशानदेही पर हथियारों की तलाश शुरू की गयी। हालांकि, मंगल और मालती के आत्मसमर्पण से जुड़ी चर्चा पर पुलिस की ओर से आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं की गयी है।
सर्च ऑपरेशन के दौरान इन अधिकारियों ने की अगुवाई
अभियान में डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार, एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार और चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार के अलावा एमजीएम थाना के पुलिस पदाधिकारी, कोबरा, एसटीएफ और झारखंड जगुआर के जवान शामिल थे। पुलिस ने बरामद हथियारों और गोला-बारूद के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। नक्सल प्रभावित जंगल और पहाड़ी इलाकों में निगरानी तथा सर्च ऑपरेशन जारी रखने की बात भी पुलिस ने कही है।