द फॉलोअप डेस्क
रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में रहने वाले एक बिल्डर से कुख्यात राहुल दुबे गैंग के नाम पर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित बिल्डर राफे कमाल ने अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। एफआईआर में राफे कमाल ने बताया है कि पंडरा इलाके में स्थित उनकी एक जमीन को लेकर कुछ लोग लगातार उन्हें धमकी दे रहे थे। धमकी देने वालों में तौसिफ, नईम, बादशाह और आसिफ के नाम सामने आए हैं, जिनके खिलाफ अरगोड़ा थाना में मामला दर्ज कराया गया है। पीड़ित के अनुसार, 6 जनवरी को जब वह अपनी पंडरा स्थित जमीन पर पहुंचे, तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने खुद को राहुल दुबे गैंग और अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए जमीन पर किसी भी तरह का काम करने से रोक दिया। आरोप है कि उन लोगों ने जमीन छोड़ने की धमकी देते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी।

राफे कमाल ने पुलिस को यह भी बताया कि उसी दिन शाम को उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर 60110xxxxx से मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को राहुल दुबे गैंग का प्रकाश शुक्ला बताते हुए पांच करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की। मैसेज में यह भी कहा गया कि रकम नहीं देने पर उन्हें उसी जमीन पर दफन कर दिया जाएगा। मामला यहीं नहीं रुका। 17 जनवरी को उनके भाई की रेकी करते हुए वीडियो बनाकर उन्हें भेजा गया, जिससे पूरा परिवार भयभीत हो गया। लगातार मिल रही धमकियों के बाद राफे कमाल ने पुलिस से संपर्क कर सुरक्षा की गुहार लगाई। गौरतलब है कि हाल के दिनों में राहुल दुबे गैंग द्वारा राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में रंगदारी के लिए कॉल और मैसेज किए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। इसी क्रम में अब एक बिल्डर से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने का यह मामला सामने आया है।

अरगोड़ा पुलिस ने इस मामले में कांड संख्या 22/2025 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 111(2), 111(31), 111(51) और 308(A) के तहत जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।