चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा मूर्त स्टेडियम के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान टंडवा थाना क्षेत्र के लेम्बुआ पदमपुर निवासी चंदन कुमार राणा (18 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चंदन अपनी बहन नेहा कुमारी के साथ बाइक से बाजार जा रहा था। नेहा अपनी शादी का कार्ड छपवाने के लिए बाजार जा रही थी, जिसकी शादी 1 मई को तय थी। इसी दौरान रेलवे कार्य में लगे एक तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
इस भीषण हादसे में चंदन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नेहा कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों और समाजसेवी तबरेज अंसारी की मदद से घायल नेहा को अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों के अनुसार, चंदन परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। कुछ साल पहले ही उसके पिता की भी ओडिशा में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और वे नेहा के इलाज का खर्च उठाने में भी असमर्थ हैं। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और प्रशासन से मुआवजे की मांग की। ग्रामीण मृतक के परिवार और घायल नेहा के इलाज के लिए 50 लाख रुपये के मुआवजे की मांग कर रहे हैं।