द फॉलोअप डेस्क
रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान सनसनीखेज अपहरण की घटना सामने आई। दुल्हन के भाई सुमित सोनी का अपहरण कर अपराधियों ने परिवार से 20 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी। हालांकि, रांची पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चारों अपहरणकर्ता बिहार बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिए गए और युवक को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया। घटना के संबंध में पीड़ित के पिता विश्वंभर प्रसाद ने बताया कि 24 नवंबर की देर रात तक उनकी बेटी के शादी समारोह की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान लगभग 2 बजे उनके मोबाइल पर बेटे सुमित का कॉल आया, जिसमें उसने बताया कि कुछ अपराधियों ने उसका अपहरण कर लिया है और उसे बंधक बनाकर फिरौती की मांग की जा रही है।

सूचना मिलते ही रांची पुलिस सक्रिय हो गई। टेक्निकल सेल की मदद से अपहरणकर्ताओं के मोबाइल नंबर ट्रैक किए गए और लोकेशन का पता लगाते हुए पुलिस ने बिहार बॉर्डर के पास छापेमारी की। इस कार्रवाई में चार युवकों नारायण कुमार, सोनू कुमार विश्वकर्मा, सुमित कुमार और हर्ष कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपी बिहार के आरा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, एक सफेद स्विफ्ट डिजायर कार (रजिस्ट्रेशन संख्या BR 01FA 8738) और दो आरोपियों से नशीली दवाएं भी बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कर्ज नहीं चुका पाने की वजह से सुमित सोनी का अपहरण कर फिरौती की योजना बनाई गई थी। अपराधियों ने शादी समारोह की भीड़ और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर इस घटना को अंजाम दिया।

हेडक्वार्टर-2 के डीएसपी अरविंद कुमार ने बताया कि नगड़ी पुलिस की तत्परता से न केवल चारों अपराधी गिरफ्तार हुए बल्कि पीड़ित युवक को भी सुरक्षित वापस लाया जा सका। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी चल रही है।