logo

बोकारो में बेटे ने मां को पीटकर मार डाला, घरेलु विवाद में रिश्तों का कत्ल

bokaro13.jpg

बोकारो:
बोकारो सेक्टर-12 थाना क्षेत्र में शनिवार रात घरेलू विवाद के बाद एक बेटे द्वारा अपनी ही मां की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे राजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
 

घरेलू विवाद के बाद हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान करीब 60 वर्षीय प्रमिला देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात घर में किसी बात को लेकर प्रमिला देवी और उनके 48 वर्षीय बेटे राजू कुमार के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी बेटे ने कथित तौर पर मां के साथ मारपीट शुरू कर दी।
लाठी-डंडे और लात-घूंसों से की बेरहमी से पिटाई
आरोप है कि राजू कुमार ने लाठी-डंडे और लात-घूंसों से मां की बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलने के बाद सेक्टर-12 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल भेजा। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आरोपी बेटे को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घटना के बाद आरोपी बेटे राजू कुमार को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि सेक्टर-12 थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक अपनी मां के साथ मारपीट कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल प्रमिला देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी से पूछताछ सहित आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
 

Tags - Bokaro News Crime News Jharkhand News Domestic Dispute Murder Case