logo

मेदिनीनगर : बहन के घर आ रहे युवक का संदिग्ध अवस्था में मिला शव, इलाके में सनसनी

fhnirtuim.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के रेड़मा काशीनगर में शुक्रवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 20 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। मृतक की पहचान पड़वा थाना क्षेत्र के चनेया गांव निवासी विनय पांडे के पुत्र सौरभ कुमार पांडेय के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार और एसआई प्रदीप शर्मा पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। साक्ष्यों को सुरक्षित करने के लिए पुलिस ने डॉग स्क्वायड की भी मदद ली। टीम ने घटनास्थल के आसपास गहन तलाशी अभियान चलाया और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाकर जांच के लिए भेज दिए हैं। पुलिस फिलहाल आसपास के संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सौरभ कुमार पांडेय रांची में रहकर कार्य करता था। वह गुरुवार को रांची से अपनी बहन के घर काशीनगर आने के लिए निकला था। हालांकि, वह रात तक अपनी बहन के घर नहीं पहुंचा, जिससे परिजन चिंतित थे। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे उसका शव मिलने की खबर आते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे न्याय की गुहार लगा रहे हैं। फिलहाल, पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत तमाम पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। प्रशासन ने जल्द ही मामले का उद्भेदन करने का भरोसा दिलाया है।

 

Tags - Medininagar suspicious death case Palamu district crime news Redma Medininagar incident Saurabh Kumar Pandey death case Palamu police investigation news Jharkhand youth death mystery Medininagar city police station case Forensic investigation Palam