द फॉलोअप डेस्क
धनबाद जिले के झरिया स्थित बोर्रागढ़ ओपी क्षेत्र के भूतगढ़िया में सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुराना कलाली से सुरेंद्र कॉलोनी जाने वाले रास्ते पर स्थित खेल मैदान के पास स्थानीय लोग सुबह टहलने निकले थे, तभी झाड़ियों में पड़े शव पर उनकी नजर पड़ी। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। मृतक की पहचान पंकज महतो, निवासी चीरा चास थाना क्षेत्र (बोकारो), के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पेशे से टाइल्स मिस्त्री था। सूचना पाकर बोर्रागढ़ ओपी प्रभारी निरंजन कुमार सिंह पुलिस दल के साथ घटनास्थल पहुंचे और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की।

जांच में मृतक की बाईं आंख के पास गहरा घाव पाया गया, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस को सड़क से शव तक खून की बूंदें भी मिली हैं। इससे यह आशंका गहराई है कि युवक की किसी अन्य स्थान पर हत्या कर शव को यहां फेंका गया होगा, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के इलाकों की छानबीन की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के दायरे को और भी विस्तृत किया जा रहा है।