द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर में रविवार 29 मार्च को दो अलग-अलग इलाकों से शव मिलने की घटनाओं ने सनसनी फैला दी। बिष्टुपुर के बेल्डीह लेक (धातकीडीह तालाब) और डिमना लेक से एक युवक और एक महिला के शव बरामद हुए हैं। दोनों मामलों में मौत की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पहला मामला बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह ए-ब्लॉक का है, जहां लाइन नंबर-7 निवासी 37 वर्षीय जीशान रियाज का शव रविवार सुबह बेल्डीह लेक से बरामद किया गया। जीशान पेशे से फुटबॉलर था और शुक्रवार शाम करीब 4 बजे से लापता था। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने झील में शव तैरता देखा और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने शव की पहचान जीशान के रूप में की। सूचना मिलते ही बिष्टुपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर टाटा मेन हॉस्पिटल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, जीशान दो भाइयों में बड़ा था। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि उसे नशे की लत थी। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दूसरी घटना डिमना लेक की है, जहां रविवार शाम करीब 4:30 बजे सोनारी कुम्हारपाड़ा निवासी 43 वर्षीय संजू साहू का शव बरामद हुआ। महिला के पर्स में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हो सकी। बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि पर्स से आधार कार्ड, तीन सिम कार्ड और कुछ नकदी बरामद हुई है।
.jpg)
सूचना मिलने के बाद मृतका के पति देवानंद साहू एमजीएम अस्पताल पहुंचे, जहां पुलिस ने उनसे पूछताछ की। देवानंद साहू ने बताया कि वे टेंपो चालक हैं और उनकी शादी को 24 साल हो चुके हैं। उनके दो बेटे हैं। उनकी पत्नी रविवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। हैरानी की बात यह है कि वह अपना मोबाइल भी घर पर छोड़ गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद शाम को पुलिस ने शव मिलने की सूचना दी। गौरतलब है कि चार दिन पहले भी डिमना लेक से करीब 40 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था, जिसकी अब तक पहचान नहीं हो पाई है। वह शव फिलहाल एमजीएम अस्पताल के शीतगृह में रखा गया है। वहीं, दो अलग-अलग जगहों से मिले इन शवों ने शहर में सुरक्षा और परिस्थितियों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सके।
.jpeg)