logo

गढ़वा में भाजपा प्रदेश महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कंचन जायसवाल के जीत के लिए कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र

hgytdj.jpg

द फॉलोअप डेस्क
नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह का गढ़वा में आगमन हुआ। उन्होंने भाजपा समर्थित नगर परिषद गढ़वा की प्रत्याशी कंचन जायसवाल को जीताने के लिए प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और जीत का मंत्र दिया। बैठक की शुरुआत वंदे मातरम गीत के साथ की गई। अध्यक्षता नगर मंडल अध्यक्ष धनंजय गोंड ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कर्मवीर सिंह ने कहा कि भाजपा एक राष्ट्रवादी लोकतांत्रिक पार्टी है, जहां "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" जैसे मूल मंत्र के साथ पार्टी कार्यकर्ता काम करते हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं के सम्मान में महिला प्रत्याशी कंचन जायसवाल को अपना समर्थित प्रत्याशी बनाया गया है और सभी कार्यकर्ता मिलकर उन्हें जीताने का काम करें।
गढ़वा भाजपा विधायक सत्येन्द्र नाथ तिवारी ने कहा कि भाजपा समर्थित प्रत्याशी कंचन जायसवाल को जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सालों से गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में लूट का तांडव चला है, लेकिन आने वाले दिनों में नगर परिषद क्षेत्र में विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम होंगे। व्यवसायियों के लिए सुरक्षा की विशेष व्यवस्था भी की जाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता नगर परिषद क्षेत्र में कंचन जायसवाल को जीताने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं और जीत तय है।

नगर परिषद अध्यक्ष प्रत्याशी कंचन जायसवाल ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद क्षेत्र में सभी व्यवस्थाओं को सुधार किया जाएगा। भ्रष्टाचार पर रोक लगाई जाएगी और जनता की हर समस्या का समाधान तत्काल किया जाएगा। पूर्व सांसद घुरण राम ने कहा कि गढ़वा को लूटने वाले लोग फिर से इसे कंगाल बनाने का सपना देख रहे हैं, लेकिन जनता उनकी चाल-चरित्र को समझ चुकी है। इस बार भाजपा समर्थित स्वच्छ छवि की महिला कंचन जायसवाल नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्य करेंगी।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संतोष दुबे ने किया। बैठक में मुख्य रूप से भाजपा नेता बिपिन बिहारी सिंह, बिनय चौबे, ओमप्रकाश केशरी, सुरज गुप्ता, बबलु पटवा, सुरेन्द्र विश्वकर्मा, ओमप्रकाश तिवारी, अरविंद तुफानी, मीना गुप्ता, मीरा यादव, विवेकानंद तिवारी, रितेश चौबे, रामशीष तिवारी, रविन्द्र पासवान, अविनाश पासवान, उमेश कश्यप, राजकुमार मधेशीया, जितेन्द्र चंद्रवंशी, मुरली श्याम तिवारी, ब्रजेश धर दुबे, टिंकु गुप्ता, अरविंद धर दुबे, प्रवीण पाल, अनवर शाह, विशाल गुप्ता, रितेश दुबे सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

 

Tags - Kanchan Jaiswal BJP candidate Gadhwa local body elections news Gadhwa BJP election meeting Kanchan Jaiswal election promises Gadhwa municipal elections 2026 BJP Gadhwa mayor candidate