रांची
जेपी प्रदेश कार्यालय में अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री सह झारखंड के प्रभारी भोला सिंह की अध्यक्षता में बीजेपी एससी मोर्चा एवं प्रबुद्ध जनों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बीजेपी एससी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री सह झारखंड के प्रभारी भोला सिंह ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्य योजना के बारे में प्रदेश पदाधिकारियों को संबोधित किया। कहा कि झारखंड के सभी अनुसूचित जाति छात्रावास में जाकर छात्रों से मुलाकात कर उनकी सूची बनाने का काम होगा। सामान्य छात्रावास में भी जाकर सभी विधानसभा क्षेत्र के छात्रों से जुड़कर उनकी समस्याओं से रूबरू होना और पार्टी के सिद्धांत के बारे में उन्हें जानकारी देते हुए बीजेपी के साथ जोड़ने का निर्देश दिया गया है।

सिंह ने कहा, इसके साथ ही प्रदेश की सभी बस्ती में जाकर अनुसूचित जाति के लोगों से उनकी बातें सुनकर एवं उनकी समस्याओं से रूबरू होने का निर्देश दिया गया है। भोला सिंह ने सभी पदाधिकारियों को हर घर तिरंगा कार्यक्रम करने, मां के नाम से पेड़ लगाने, प्रदेश के सभी छात्रावास एवं कॉलेज में जाकर वृक्षारोपण करने, सभी प्रदेश पदाधिकारी को जिले में जाकर कर टोली बनाने पर जोर दिया।

इसके साथ ही उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि 12 अगस्त से लेकर 14 अगस्त तक प्रदेश के सभी स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमा पर माल्यार्पण करें। 15 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में सभी स्कूलों एवं कॉलेज में प्रदेश पदाधिकारी की सहभागिता का भी निर्देश दिया गया। उन्होंने प्रदेश पदाधिकारी से कहा कि झारखंड के सभी 81 विधानसभा क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से कार्यक्रमों को तैयार करना है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी और संगठन को सशक्त और मजबूत बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।
