रांची
भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू की अध्यक्षता में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक संपन्न हुई। बैठक में मोदी सरकार द्वारा प्रस्तुत लोक कल्याणकारी केंद्रीय बजट सहित विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद अरुण सिंह तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मधु कोड़ा, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र कुमार राय, दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बड़कुंवर गगराई, भानु प्रताप शाही, विकास प्रीतम, प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, सचेतक राज सिन्हा, पूर्व विधायक शशि भूषण मेहता, विरांची नारायण, रणधीर सिंह, अमित मंडल समेत जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद राष्ट्रीय महामंत्री सांसद अरुण सिंह ने प्रेसवार्ता कर केंद्रीय बजट को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लगातार नौवीं बार प्रस्तुत किया गया बजट सराहनीय, ऐतिहासिक और भारत के भविष्य को सशक्त बनाने वाला है। यह बजट युवाओं के सपनों को उड़ान देगा, किसानों का भरोसा मजबूत करेगा, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगा और मध्यम व गरीब वर्ग को मजबूती देगा।

अरुण सिंह ने कहा कि भारत आज रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। बजट में मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दी गई है। जिला स्तर पर बायोफार्मा केंद्रों से गुणवत्तापूर्ण इलाज की व्यवस्था, टीडीएस में आवेदन प्रक्रिया समाप्त करना, 17 जीवन रक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क कम या शून्य करना तथा विदेश में पढ़ाई को सस्ता करने जैसे अहम निर्णय लिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए एमएसएमई सेक्टर में 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। पर्यटन क्षेत्र में युवा गाइडों के प्रशिक्षण और शिक्षा क्षेत्र में रोजगार बढ़ाने के लिए उच्चाधिकार समिति के गठन का प्रस्ताव है। देश के हर जिले में महिला छात्रावास की स्थापना और लखपति दीदी की तर्ज पर क्रेडिट लिंक्ड आजीविका योजनाओं के जरिए उद्यमिता को बढ़ावा दिया जाएगा।
कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए भारत विस्तार एआई टूल, राष्ट्रीय फाइबर योजना से रेशम उद्योग को बढ़ावा, अमृत सरोवरों और जलाशयों में मत्स्य पालन, पशु चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने के लिए पूंजी सब्सिडी योजना की घोषणा की गई है। सेमीकंडक्टर और केमिकल पार्क के साथ-साथ खादी और हैंडलूम को बढ़ावा देने के लिए महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना शुरू की जाएगी।
.jpeg)
अरुण सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने रक्षा क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाया है। आज देश में मिसाइल और अन्य हथियार स्वदेशी रूप से बन रहे हैं और भारत रक्षा निर्यातक देश बन चुका है। पिछले 11 वर्षों में स्वास्थ्य और रक्षा बजट तीन गुना, जबकि सड़क निर्माण का आवंटन छह गुना बढ़ा है।
झारखंड को लेकर उन्होंने बताया कि बजट में टैक्स के हिस्से के रूप में 51,236 करोड़ रुपये, ग्रांट्स-इन-एड के तहत 17,057 करोड़ रुपये और विशेष सहायता अनुदान के रूप में 11,567 करोड़ रुपये मिलेंगे। पिछले 11 वर्षों में झारखंड के लिए केंद्र से मिलने वाली राशि 16 गुना बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के प्रयासों से झारखंड में 18.8 लाख किसान पीएम किसान सम्मान योजना का लाभ ले रहे हैं, 1.35 करोड़ लोगों के आयुष्मान कार्ड बने हैं और पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 2.64 करोड़ लोगों को प्रतिमाह अनाज मिल रहा है। जल जीवन मिशन के तहत 34.4 लाख घरों तक नल जल पहुंच चुका है।
अरुण सिंह ने आरोप लगाया कि राज्य की गठबंधन सरकार केंद्र से मिलने वाली राशि को घोटाले और भ्रष्टाचार में बर्बाद कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों में राज्य सरकार अपनी कोई बड़ी उपलब्धि नहीं गिना सकती। प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री एवं सांसद डॉ प्रदीप वर्मा और प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक भी उपस्थित रहे।
