logo

5 जून को झारखंड आएंगे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, राज्यसभा चुनाव की बनेगी रणनीति!

a497.jpg

रांची:

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 2 दिवसीय दौरे पर 5 जून को झारखंड आएंगे। बताया जा रहा है कि दौरे का मुख्य उद्देश्य आगामी राज्यसभा चुनाव की रणनीति तैयार करना है। इसके अलावा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश नेतृत्व के साथ झारखंड के मौजूदा राजनीतिक हालात पर भी चर्चा करेंगे। नितिन नबीन 6 जून को पार्टी के मंडल पदाधिकारियों के साथ सम्मेलन में शिरकत करेंगे। नितिन नबीन, पार्टी के कोर कमिटी की बैठक में हिस्सा लेकर सांगठनिक कामकाज की समीक्षा करेंगे।

राज्यसभा की 2 सीटों पर होने जा रहे चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष एनडीए के सहयोगी दलों लोजपा (रामविलास), जेडीयू और आजसू पार्टी के साथ भी मंथन कर सकते हैं। गौरतलब है कि झारखंड में राज्यसभा की 2 सीटों पर 18 जून को चुनाव होगा।

भाजपा ने संख्याबल नहीं होने  के बावजूद उम्मीदवार उतारने का फैसला किया  है। पार्टी को उम्मीद है कि वह जरूरी आंकड़ा जुटा लेगी। 

भाजपा ने किया प्रत्याशी उतारने का फैसला
झारखंड भाजपा की चुनाव प्रबंध समिति की बैठक में राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार उतारने का फैसला हो चुका है। भाजपा के 21 विधायक हैं और सहयोगी दलों को मिलाकर कुल 24 विधायक हैं। राज्यसभा की एक सीट के लिए न्यूनतम 28 विधायकों का प्रथम वरीयता मत चाहिए। भाजपा को उम्मीद है कि वह चुनाव में जरूरी आंकड़ा जुटा लेगी। भारतीय जनता पार्टी को सत्तापक्ष के कुछ विधायकों की अंतर्रात्मा की आवाज पर यकीन है। जेडीयू के खीरू महतो ने भी कहा कि सत्तापक्ष का कोई तो विधायक होगा जो केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों से प्रभावित होगा और जिसे उम्मीद होगी कि झारखंड में कभी एनडीए की सरकार बनी तो बेहतर मौका बनेगा। 

चुनाव आयोग से झामुमो ने की है शिकायत
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भाजपा के उम्मीदवार उतारने के फैसले को लेकर केंद्रीय निर्वाचन आयोग को चिट्ठी लिखी है। झामुमो का आरोप है कि पर्याप्त संख्याबल नहीं होने के बावजूद उम्मीदवार उतारने की जिद पर अड़ी भाजपा हॉर्स-ट्रेडिंग का प्रयास कर सकती है। सत्तापक्ष के विधायकों को भय, प्रलोभन या दबाव के जरिए भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान के लिए विवश किया जा सकता है।

झामुमो ने चुनाव आयोग से केंद्रीय जांच एजेंसियों को सतर्क रहने का निर्देश देने की भी अपील की है, वहीं भाजपा का कहना है कि चुनाव लड़ना उनका संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्हें चुनाव लड़ने से कैसे रोका जा सकता है। 


 

Tags - Nitin NabinBJPJharkhand BJPJharkhandRajya Sabha Election