रांची:
कटौती प्रस्ताव पर बोलते हुए बीजेपी विधायक भानु प्रताप शाही ने कहा कि इस राज्य में न जज सुरक्षित है, न वकील सुरक्षित है, न पुलिस सुरक्षित है, न महिला सुरक्षित है और ना पत्रकार सुरक्षित है। सुरक्षित है तो सिर्फ अपराधी और सरकार। कहा कि राज्य में जज उत्तम आनंद की हत्या होती है, पुलिस पदाधिकारी रूपा तिर्की और लालजी यादव की हत्या होती है।
नक्सलियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं
भानुप्रताप शाही ने कहा कि पत्रकार बैजनाथ महतो की हत्या होती है। सरकार के कान पर जूं नहीं रेंगता। अपराधी बेलगाम है। मुख्यमंत्री आवास से 200 गज की दूरी पर हत्या होती है। राजभवन की दीवार पर नक्सली पोस्टर चिपकाते हैं, कोई कार्रवाई नहीं होती।

झारखंड में कांग्रेस को खा जाएगी झामुमो!
भानु ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ममता बनर्जी की राह पर चल रहे हैं। जैसे ममता बनर्जी ने बंगाल में कांग्रेस को खा लिया उसी तरह से झारखंड में झामुमो कांग्रेस को खा जाएगा। जिस तरह बंगाल में राजनीतिक हत्या हो रही है उसी तरह से झारखंड में भी राजनीतिक हत्या हो रही है। उन्होंने कहा कि खासकर बीजेपी कार्यकर्ताओं को टारगेट कर हत्या की जा रही है। उन्होंने जमशेदपुर, रांची सहित कई अन्य जिलों में हुई भाजपा कार्यकर्ताओं का उदाहरण देते हुए कहा कि बंगाल की तरह झारखंड में भी राजनीतिक हत्या हो रहा है। सरकार तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है।

रूपेश पांडेय हत्याकांड का मामला भी उठाया
बीजेपी विधायक भानुप्रताप शाही ने कहा कि तबरेज अंसारी मामले में सत्ता पक्ष के लोग ने कहा कि बीजेपी मुस्लिम विरोधी है लेकिन आज रूपेश पांडेय की हत्या हुई तो मॉब लिंचिंग कहां गया। चाईबासा में अलग देश की मांग को लेकर बवाल हो रहा है। यह इसलिए हुआ कि सरकार बनते ही पत्थलगढ़ी का केस वापस लिया। सत्ता में बैठे लोगों ने ऐसे लोगों का मन बढ़ाया है।