रांची
JPSC-JSSC की भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित धांधली, परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले दोषियों की गिरफ्तारी, पूरे मामले की CBI जांच तथा आंदोलन कर रहे छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर प्रदेश भाजपा ने 8 से लेकर 11 सितम्बर तक राज्यव्यापी आंदोलन की शुरुआत की है। इसी क्रम में मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया गया। शहीद चौक स्थित जिला स्कूल मैदान से भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता डीसी कार्यालय का घेराव करने के लिए निकले। कार्यकर्ताओं ने छात्रों के समर्थन में जोरदार तरीके से आवाज बुलंद करते हुए राज्य सरकार से परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और युवाओं के भविष्य के साथ न्याय सुनिश्चित करने की मांग की।
.jpeg)
छोटी मछलियों को CID के माध्यम से पकड़वाकर महज दिखावा
इस दौरान अपने संबोधन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राज्य सरकार छात्रों के साथ अन्याय कर रही है और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। झारखंड के छात्रों का आंदोलन अब केवल झारखंड तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह देश का आंदोलन बन गया है। सरकार आंदोलन को दबाने के लिए भोले-भाले छात्रों पर फर्जी FIR दर्ज कर उनकी आवाज कुचलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आंदोलनरत छात्रों पर सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ताओं द्वारा हमले किए जा रहे हैं और सरकार ने लोकतांत्रिक आंदोलन पर पाबंदी लगाने का प्रयास किया है। नौकरी के सौदागर खुले घूम रहे हैं, जबकि सरकार छोटी मछलियों को CID के माध्यम से पकड़वाकर महज दिखावा कर रही है। आदित्य साहू ने कहा कि बिना CBI जांच के छात्रों को न्याय नहीं मिल सकता। झारखंड सरकार ने भर्ती संस्थानों को कमाई का साधन बना दिया है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अविलंब पूरे मामले की CBI जांच कराई जाए, छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं तथा JPSC-JSSC की धांधली में शामिल बड़ी मछलियों को गिरफ्तार किया जाए, अन्यथा भाजपा चरणबद्ध एवं व्यापक आंदोलन करेगी।
JSSC-CGL जैसी परीक्षाएं झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ी हैं
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लोकतंत्र और सुशासन की बुनियादी आवश्यकता है। सरकार को छात्रों की आवाज सुननी होगी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच CBI से सुनिश्चित करनी होगी। रांची विधायक सी.पी. सिंह ने कहा कि झारखंड के नौजवान वर्षों की मेहनत और उम्मीद के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। यदि परीक्षा व्यवस्था पर ही सवाल खड़े हों और विरोध करने वाले छात्रों पर मुकदमे दर्ज किए जाएं, तो यह युवाओं के साथ घोर अन्याय है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों को डराने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान करे और दोषियों पर कार्रवाई करे। हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि JPSC और JSSC-CGL जैसी परीक्षाएं झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ी हैं। परीक्षा में किसी भी प्रकार की धांधली या अनियमितता की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से सड़क से सदन तक उठाएगी और छात्रों की आवाज को दबने नहीं देगी।

युवा झारखंड की शक्ति हैं
रांची की महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि छात्र और युवा झारखंड की शक्ति हैं। उनके साथ अन्याय किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों पर मुकदमे दर्ज करने के बजाय सरकार को उनकी मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करना चाहिए तथा परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए। उपायुक्त कार्यालय घेराव में रांची के उप महापौर नीरज कुमार, प्रदेश मंत्री अमित कुमार, रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, रांची पूर्वी जिला अध्यक्ष विनय महतो ‘धीरज’, रांची पश्चिमी जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, भारत यादव, सीमा सिंह, मनोज महतो बाजपेयी, सन्नी टोप्पो, पूर्व विधायक राम कुमार पाहन, समरी लाल, गंगोत्री कुजूर, हेमंत दास, सूरज चौरसिया, सत्यनारायण सिंह, के के गुप्ता, सुबोध सिंह गुड्डू, संदीप वर्मा, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, मनोज चौधरी, सुधाकर चौबे, रमेश सिंह, ललित ओझा, कमलेश राम, राजू सिंह, बीणा मिश्रा, नीरज चौधरी, संकेत तिवारी, शत्रुधन साहू, सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।