द फॉलोअप डेस्क
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को संसद में वित्त वर्ष 2026-27 का आम बजट पेश किया। बजट भाषण में उन्होंने कहा कि इस वर्ष सरकार की प्राथमिकता विकास, समावेशन और सामाजिक सशक्तिकरण पर केंद्रित है। वित्त मंत्री ने बेटियों के भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाने के उद्देश्य से देश के प्रत्येक जिले में एक गर्ल्स हॉस्टल के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे छात्राओं और कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित, सुलभ और सुविधाजनक आवास उपलब्ध हो सकेगा। बजट में महिला सशक्तिकरण को विशेष महत्व दिया गया है। करीब 800 जिलों में लड़कियों के लिए हॉस्टल बनेंगे। हर जिले में एक हॉस्टल बनाया जाएगा।

उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार ने अहम कदम उठाने की घोषणा की है। युवाओं को आधुनिक और रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए एसटीईएम (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथ्स) संस्थानों की स्थापना की जाएगी, जिससे तकनीकी और नवाचार आधारित शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।

इसके अलावा, सेवा क्षेत्र को ‘विकसित भारत’ का प्रमुख आधार बनाने के लिए ‘एजुकेशन टू एम्प्लॉयमेंट एंड एंटरप्राइज’ विषय पर एक उच्चाधिकार प्राप्त स्थायी समिति के गठन का प्रस्ताव रखा गया है। इस समिति का लक्ष्य वर्ष 2047 तक वैश्विक सेवा क्षेत्र में भारत की 10 प्रतिशत हिस्सेदारी सुनिश्चित करना है।