द फॉलोअप डेस्क
बेंगलुरु में एक फ्लैट में महिला का सड़ा-गला शव मिला है। मामला अडुगोडी का है। महिला की पहचान 34 वर्षीय पूजा दत्ता के रूप में हुई है। वह मूल रूप से धनबाद की रहने वाली थी। पूजा बेंगलुरु में एक कंपनी में काम करती थी। सोमवार को मोहल्ले के लोगों ने उसके फ्लैट से बदबू आने की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी। पुलिस को पूजा का शव नग्न अवस्था में सड़ी-गली स्थिति में खून से सना मिला। अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी।

कोई सुसाइडल नोट नहीं मिला
हालांकि कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। कुंडी घर के अंदर से लगी थी। पुलिस के अनुसार, घर के अंदर फटे हुए कागज बिखरे थे, इसलिए शक है कि उसने आत्महत्या की होगी। मौत का सही कारण पता लगाने के लिए उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। मकान मालकिन ने बताया कि पूजा पिछले 3 साल से इस फ्लैट में रह रही थी और उसे आखिरी बार 23 अप्रैल को देखा गया था, जब वह राशन का सामान लेने के लिए निकली थी। पुलिस ने फिलहाल अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है।

एक लड़का फ्लैट पर आता था अक्सर
मकान मालकिन जनकम्मा ने बताया कि पूजा की शादी नहीं हुई थी। अक्सर वह हिंदी में ही बात करती थी। मकान मालिक ने आगे बताया कि बगल वाले मकान के दो किराएदारों ने बताया कि उनके मकान से बदबू आ रही है। इसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी। जनकम्मा ने कहा कि दरवाजा अंदर से बंद था और तीन कुंडियां लगी हुई थीं। शव पर चोट के निशान भी दिख रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि पूजा के घर एक लड़का अक्सर आता था। उनके अनुसार, दोनों के बीच आये दिन नोक-झोंक होते रहता था। फिलहाल पुलिस पूजा के मोबाइल फोन कॉल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया और जानने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मकान मालिक के बयान के आधार पर भी मामले की जांच कर रही है।