logo

ग्रामीणों की समस्याएं जानने पंचायतों में पहुंची कांग्रेस, सड़क-पुल और बिजली की बदहाली सामने आई

ग्रामीणों की समस्याएं जानने पंचायतों में पहुंची कांग्रेस, सड़क-पुल और बिजली की बदहाली सामने आई

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

बानो प्रखंड कांग्रेस कमेटी के निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रखंड अध्यक्ष मो. रफीक अन्सारी के नेतृत्व में विभिन्न पंचायतों का दौरा किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से मुलाकात कर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने अधूरे छात्रावास, खराब सड़क, पुल निर्माण और बिजली के पोल से बने अस्थायी रास्ते जैसी समस्याओं से नेताओं को अवगत कराया। कांग्रेस नेताओं ने बांकी पंचायत में कल्याण विभाग की ओर से निर्माणाधीन छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान छात्रावास का निर्माण कार्य अधूरा पाया गया। नेताओं ने कहा कि निर्माण पूरा नहीं होने से बच्चों को परेशानी हो रही है और उनकी पढ़ाई-लिखाई भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

हुरदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

दौरे के दौरान हुरदा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने ओपी थाना प्रभारी से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और कमियों की जानकारी दी। वहीं, चंदस्य पंचायत में ग्रामीण जुनैल भेगरा ने क्षेत्र की बदहाल सड़क की समस्या नेताओं के सामने रखी। उन्होंने बताया कि वर्ष 1990 में मुरुम सड़क का निर्माण हुआ था और वर्ष 2001 में सड़क पर गिट्टीकरण कराया गया था। इसके बाद सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों ने सड़क के निर्माण और मरम्मत की मांग की।

हुरदा से ओड़िशा सीमा तक सड़क निर्माण की मांग

जमतई पंचायत में ग्रामीणों ने हुरदा से ओड़िशा सीमा की ओर आरइओ सड़क से पश्चिमी सिंहभूम क्षेत्र तक करीब छह किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग रखी। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। उन्होंने सड़क निर्माण के लिए संबंधित विभाग के स्तर पर पहल करने की मांग की। दौरे के दौरान डोंगरी नाला में पुल निर्माण की समस्या भी ग्रामीणों ने कांग्रेस नेताओं के सामने रखी। वहीं, गेनमेर पंचायत के पान टोली में बिजली के पोल के सहारे बने अस्थायी आवागमन मार्ग की समस्या भी सामने आई। ग्रामीणों ने बताया कि इस रास्ते से करीब 250 घरों के लोग आवागमन करते हैं। ओड़िशा क्षेत्र के लोग भी बाजार आने-जाने के लिए इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में यहां बेहतर और स्थायी आवागमन व्यवस्था की जरूरत है।

संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों के सामने उठाए जाएंगे मुद्दे

प्रखंड अध्यक्ष मो. रफीक अन्सारी ने कहा कि बानो प्रखंड की जनता की समस्याओं को पंचायत स्तर पर चिन्हित किया जा रहा है। इन समस्याओं को संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखा जाएगा, ताकि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। दौरे में प्रखंड प्रभारी श्याम सुंदर आचार्य, सांसद प्रतिनिधि अजीत कंडुलना, प्रखंड उपाध्यक्ष जेम्स कंडुलना, प्रखंड उपाध्यक्ष सहदेव कोटवार, महासचिव सबन डांग, मीडिया प्रभारी मो. शोएब अन्सारी, मंडल अध्यक्ष मो. शमशेर अन्सारी, सोमा कंडुलना समेत कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद थे।
 

Tags - Bano Simdega News Bano Block News Simdega Congress Bano Congress Committee Jharkhand Congress