रांची
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बहु कल्याण फाउंडेशन द्वारा लालपुर थाना, रांची में एक जागरूकता एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम में लालपुर थाना की महिला पुलिस पदाधिकारी गीता रजक, अर्चना महतो और मंजू मुर्मू की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को कानून, सुरक्षा और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार के अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उज्ज्वल प्रकाश तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण किसी भी समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के क्षेत्र में मजबूत बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम का संचालन बहु कल्याण फाउंडेशन की ओर से अनिता चौरसिया और शिखा सिंह ने किया। इस दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों, स्वास्थ्य जागरूकता तथा सामाजिक सशक्तिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और समान अधिकार सुनिश्चित करने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। बहु कल्याण फाउंडेशन ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सभी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए समाज में महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करते रहने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
