द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में एक बार फिर संदिग्ध सिलेंडरनुमा वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया है। यह मामला बरागाड़िया पंचायत के पानीपाड़ा गांव का है, जहां बुधवार देर शाम स्वर्णरेखा नदी किनारे ग्रामीणों ने एक संदिग्ध वस्तु देखी। सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में डर का माहौल बन गया।

पुलिस ने इलाके को घेरा, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही बहरागोड़ा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि विशेषज्ञ टीम को बुलाया गया है और पूरी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह वस्तु बम है या कोई सामान्य धातु का सामान। फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के इलाके पर नजर रखी जा रही है।

पहले भी मिल चुके हैं बम जैसे संदिग्ध सामान
गौरतलब है कि पानीपाड़ा गांव और इसके आसपास के क्षेत्रों में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 17 मार्च को इसी इलाके में नदी किनारे एक बम मिला था, जबकि 24 मार्च को द्वितीय विश्व युद्ध काल का अमेरिकी बम बरामद हुआ था। उस समय सेना और पुलिस की मौजूदगी में कड़ी सुरक्षा के बीच बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया था।