द फॉलोअप डेस्क
रांची के कचहरी क्षेत्र में ट्रांसजेंडर समुदाय और कुछ युवकों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में मारपीट भी हुई, जिसमें एक ट्रांसजेंडर का पैर टूट गया। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को सुलझाने की कोशिश की। विवाद के दौरान हालात उस समय बिगड़ गए, जब कुछ युवकों ने कार से कई लोगों को रौंदते हुए मौके से फरार होने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोप है कि युवकों ने पुलिस पर भी कार चढ़ाने का प्रयास किया। हालात को काबू में करने और आत्मरक्षा के तहत पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। पुलिस ने कुल 9 राउंड फायरिंग की और भाग रही कार के टायर को निशाना बनाकर गोली चलाई, जिससे वाहन को रोका जा सका। इस कार्रवाई के दौरान इश्तियाक नामक युवक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद कचहरी इलाके में काफी देर तक हंगामा होता रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। घटना का मुख्य आरोप इश्तियाक पर लगा है। मामले में अन्य युवकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
.jpeg)