रांची:
झारखंड के बोकारो और धनबाद जिले में 29 मई यानी आज भारी बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अधिकतम 60 किमी प्रतिघंटा की स्पीड से हवा चलने की संभावना है। 30 मई को रांची, बोकारो, धनबाद, कोडरमा, हजारीबाग और रामगढ़ में आंधी, बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जमशेदपुर, चाईबासा, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में अधिकतम 50 किमी की स्पीड से हवा चलने की संभावना है।

31 मई को पूरे झारखंडं में आंधी-बारिश का अलर्ट
31 मई को भी पूरे झारखंड में तेज हवा, मूसलाधार बारिश और वज्रपात का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि झारखंड का पारा अगले 24 घंटे में 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा। रात को कनकनी महसूस हो सकती है।

पिछले 24 घंटे में सबसे गर्म शहर रहा डाल्टनगंज
गौरतलब है कि पिछले 24 घंटे में कई जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई है। कोडरमा डीवीसी में सर्वाधिक 40.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सतगांव में 39 मिमी तो कोनार डीवीसी में 31 मिमी बारिश हुई है। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा तो वहीं लातेहार में न्यूनतम पारा 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का मानना है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 5-7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।