logo

जमशेदपुर में बुजुर्ग ने किया आत्मदाह, हालत नाजुक;  प्रत्यशदर्शियों ने बयां किया डरावना मंजर

a479.jpg

जमशेदपुर:

जमशेदपुर के बिष्टुपुर थानाक्षेत्र स्थित धातकीडीह तालाब के पास गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद से आहत एक बुजुर्ग ने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाकर उसकी जान बचाई। पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। आग से झुलसे बुजुर्ग की पहचान धातकीडीह ए ब्लॉक निवासी सत्तार खान (66) के रूप में हुई है। 

बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के कारण वह काफी परेशान थे और इसी वजह से उन्होंने आत्मदाह का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी टीएमएच पहुंचे। बिष्टुपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या जानकारी दी है!
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दोपहर करीब 1 बजे की है। धातकीडीह तालाब के पास वाहन धोने का काम करने वाले मो. इस्लाम ने बताया कि बुजुर्ग अपने साथ बोतल में पेट्रोल लेकर आए थे। उन्होंने पहले अपने शरीर पर पेट्रोल डाला और फिर आग लगा ली। आग की लपटों में घिरे बुजुर्ग को देखकर इस्लाम ने बिना अपनी जान की परवाह किये उसे बचाने की कोशिश की और किसी तरह आग बुझायी गई।

अस्पताल में गंभीर हालत में इलाज जारी
इस्लाम की तत्परता से बुजुर्ग की जान बच सकी। घटना स्थल का मंजर बेहद भयावह था। आग की वजह से बुजुर्ग का शरीर बुरी तरह झुलस गया था। उसका काफी हिस्सा जल चुका था और शरीर की जली हुई त्वचा तथा कपड़ों के अवशेष घटना स्थल पर पड़े मिले। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और बुजुर्ग के बयान के आधार पर घटना के कारणों का पता लगाया जायेगा। फिलहाल बुजुर्ग का इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

Tags - Jharkhand NewsJamshedpur PoliceSelf ImmolationSuicideCrime News