logo

महंगाई : अमूल दूध 2 रुपये प्रति लीटर हुआ महंगा, कमर्शियल सिलेंडर की कीमत भी 105 रु बढ़ी

अमूल दूध 2 रुपये प्रति लीटर हुआ महंगा, कमर्शियल सिलेंडर की कीमत भी 105 रु बढ़ी


रांचीः

महंगाई अपने चरम पर है, हर चीज की कीमत बढ़ती जा रही है। इसी बीच आमजनों को एक और झटका लगने वाला है। जी हां मार्च के पहले दिन से कई चीजें महंगी हो गयी हैं। अमूल (Amul) का दूध खरीदना (Milk Prices) महंगा हो गया है। अमूल ने 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का एलान किया है। 1 मार्च 2022 यानि आज से यह कीमत बाजार में लागू होंगी। कंपनी ने बयान में आगे कहा कि गुजरात (Gujarat) के अहमदाबाद और सौराष्ट्र के बाजारों में अमूल गोल्ड की कीमत 30 रुपये प्रति 500 मिलीलीटर, अमूल ताजा की कीमत 24 रुपये प्रति 500 मिलीलीटर और अमूल शक्ति की कीमत 27 रुपये प्रति 500 मिलीलीटर है। अमूल ने बयान में कहा कि यह 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी केवल 4 फीसदी की होती है, जो औसत खाद्य महंगाई से बहुत कम है। 

 

कीमत बढ़ने की वजह
कंपनी ने दाम में बढ़ोतरी के पीछे वजह बताते हुए कहा कि एनर्जी, पैकेजिंग, परिवहन, पशु आहार की लागत में वृद्धि की वजह से दूध उत्पादन के खर्च में बढ़ोतरी की है। कंपनी ने कहा कि इस तरह संचालन की कुल लागत में बढ़ोतरी हुई है। इस बढ़ोतरी को ध्यान में रखते हुए, अमूल ने दूध की कीमतों में 35 से 40 रुपये प्रति किलो फैट की बढ़ोतरी की है, जो पिछले साल के मुकाबले पांच फीसदी ज्यादा है। कंपनी का कहना है कि इससे किसानों को भी फायदा मिलेगा। कंपनी ने बयान में बताया कि अमूल दूध की खरीद पर भुगतान किए जाने वाले हर एक रुपये में से 80 पैसे किसानों को वापस लौटाए जाते हैं। अमूल ने कहा कि कीमत में बदलाव से दूध उत्पादकों के लिए दूध की लाभकारी कीमतों को बनाए रखने और उन्हें ज्यादा से ज्यादा दूध का उत्पादन करने के लिए प्रोत्साहन देने में मदद मिलेगी। 


सिलेंडर भी हुआ महंगा 
सरकारी तेल कंपनियों ने कमर्शियल सिलेंडर (19 कि.ग्रा.) के दामों में 105 रुपये  बढ़ाए हैं। साथ ही पांच किलो वाले सिलेंडर के दाम में भी 27 रुपये का इजाफा किया गया है। जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 569 रुपये हो गयी है। मंगलवार से दिल्ली में 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,012 रुपये हो गई है। 


घरेलू गैस की कीमत में राहत 
हालांकि राहत की बात यह है कि घरेलू LPG सिलेंडर में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए LPG सिलेंडर की कीमत की हर महीने समीक्षा की जाती है। इससे पहले तेल विपणन कंपनियों ने 1 फरवरी को 19 किलोग्राम वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 91.50 रुपये की कटौती की थी।