द फॉलोअप डेस्कः
अलकायदा का आतंकी जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र धतकीडीह निवासी अब्दुल सामी को शनिवार को दिल्ली पुलिस ने जमशेदपुर सिविल कोर्ट में पेश किया। अब्दुल अलकायदा की शाखा अल-कायदा इन इंडियन सबकांटिनेंट (एक्यूआइएस) का आतंकी है। न्यायालय ने उसे जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल में भेजने का आदेश दिया। वहीं, अब्दुल सामी के सहयोगी ओडिशा निवासी अब्दुल रहमान कटकी को भी न्यायालय ने प्रोडक्शन वारंट पर जमशेदपुर न्यायालय में पेश करने का आदेश दिल्ली पुलिस को दिया है। बता दें कि बिष्टुपुर थाना में अब्दुल सामी, अब्दुल रहमान कटकी, मौलाना कलीमुद्दीन, अब्दुल मसूद और नसीम समेत अन्य के विरुद्ध बिष्टुपुर थाना में आतंकवादी संगठन अलकायदा से जुड़ने, संगठन का विस्तार करने, जेहाद के लिए युवाओं को भड़काने और देशद्रोह की प्राथमिकी 25 जनवरी 2016 को दर्ज की गई थी। अब मामले को झारखंड एटीएस देख रहा है।

18 जनवरी 2016 को अब्दुल सामी हुआ था गिरफ्तार
बता दें कि दिल्ली पटियाला हाउस की विशेष न्यायालय ने अलकायदा के चार आतंकियों को सात साल पांच माह सश्रम कारावास और 25-25 हजार रुपये जुर्माना की सजा 14 फरवरी 2023 को सुनाई थी। जिसमें जमशेदपुर का अब्दुल सामी, ओडिशा का मो. अब्दुल रहमान कासमी समेत मो. आसिफ और जफर मसूद शामिल है। सभी पर 10 फरवरी 2023 को न्यायालय में आरोप सिद्ध हुआ था। मामले में दोषियों के खिलाफ 2017 में आरोप तय किए गए थे। सभी को दिल्ली के स्पेशल सेल की टीम ने गिरफ्तार किया था। 18 जनवरी 2016 को अब्दुल सामी को दिल्ली की स्पेशल सेल ने हरियाणा के मेवात से गिरफ्तार किया था। 25 जनवरी 2016 को जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना की पुलिस ने बिष्टुपुर के धतकीडीह के रजक कालोनी निवासी साथी अकरम शेख मसूद और मानगो आजादनगर निवासी नसीम अख्तर को मानगो से गिरफ्तार किया था। अब्दुल सामी और अब्दुल रहमान कटकी दिल्ली के तिहाड़ जेल में थे।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N