logo

कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की का आरोप : कहा, केंद्र कर रहा झारखंड से सौतेला व्यवहार, नहीं मिल रहा पर्याप्त यूरिया 

dhna0120.jpg

धनबाद
झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने धनबाद परिसदन में प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि झारखंड को हर मोर्चे पर सहयोग की जरूरत है, लेकिन केंद्र सरकार अपेक्षित मदद देने में पीछे हट रही है। तिर्की धनबाद में आयोजित संगठन सृजन अभियान के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं, जहां उन्होंने राज्य के सामने खड़ी चुनौतियों पर खुलकर बात की।
मंत्री ने बताया कि हाल ही में हुई जीएसटी परिषद की बैठक में झारखंड की समस्याएं विस्तार से रखी गईं, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि झारखंड में इस वर्ष अच्छी बारिश हुई और खेती का रकबा भी बढ़ा है। इसके बावजूद किसानों को यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति नहीं मिल रही है। तिर्की के अनुसार, केंद्र सरकार ने झारखंड को उसकी जरूरत से कम यूरिया दिया है, जिसकी वजह से गांव-गांव में किसान परेशान हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि यूरिया का आयात पाकिस्तान और चीन से होता है और इन दोनों देशों के साथ भारत के तनावपूर्ण संबंधों का सीधा असर खाद की आपूर्ति पर पड़ा है। इस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी जिन बातों को लेकर सरकार को आगाह करते रहे हैं, वे आज सच साबित हो रही हैं, लेकिन केंद्र सरकार आंखें मूंदे बैठी है।
राज्य सरकार का ऐतिहासिक कदम
प्रेस वार्ता के दौरान शिल्पी नेहा तिर्की ने राज्य कैबिनेट की हालिया बैठक के फैसले पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरकार ने विस्थापन आयोग गठित करने का निर्णय लिया है, जो वर्षों से लंबित विस्थापित परिवारों की मांग को पूरा करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। आयोग के काम शुरू करने के बाद विस्थापितों को न्याय दिलाने की प्रक्रिया तेज होगी। तिर्की ने इस फैसले को राज्य सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि झारखंड की जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest