logo

शराब के नशे में युवक ने घर में लगाई आग, बस्तीवासियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

jamshedpur_kk.jpg

जामताड़ा
पारिवारिक विवाद की चिंगारी ने गुरुवार को गोलपहाड़ी नया बस्ती में पूरे मोहल्ले को आग के खतरे में डाल दिया. दरअसल, एक युवक ने शराब के नशे में अपने ही घर को आग के हवाले कर दिया, लेकिन स्थानीय लोगों की सूझबूझ ने संभावित बड़े हादसे को टाल दिया. घटना पारसूडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी नया बस्ती में गुरुवार दोपहर उस वक्त घटी, जब बस्ती के बीचोबीच स्थित एक घर से अचानक आग की तेज लपटें उठने लगीं. देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और आसपास के घरों तक फैलने का खतरा पैदा हो गया.
पत्नी से हुआ विवाद गरमाया तो घर में लगा दी आग
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी राजा प्रसाद, जो पेशे से ड्राइवर है, सुबह से ही शराब के नशे में अपनी मां पुतुल देवी और पत्नी के साथ विवाद कर रहा था. विवाद इतना बढ़ा कि उसने मारपीट कर मां, पत्नी और तीन बच्चों को घर से बाहर निकाल दिया. इसके बाद उसने घर के भीतर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और मौके से फरार हो गया.
मोहल्ले की सूझबूझ बनी ढाल
घटना के बाद इलाके के लोग तुरंत सक्रिय हो गए. बस्ती घनी होने के कारण आग फैलने की आशंका ज्यादा थी. ऐसे में लोगों ने सबसे पहले अपने-अपने घरों से गैस सिलेंडर बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर रखा. इसी बीच, दो युवकों ने जान जोखिम में डालकर जलते घर के भीतर घुसकर किचन में रखा सिलेंडर भी बाहर निकाल लिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर सिलेंडर समय पर नहीं निकाला जाता, तो विस्फोट से पूरा इलाका चपेट में आ सकता था. सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. हालांकि, तब तक घर का सारा सामान जलकर राख हो चुका था. इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पारसूडीह थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी राजा प्रसाद फरार है और उसकी तलाश की जा रही है. गिरफ्तारी के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.

 

Tags - Man Burnt his own house jamshedpur News Jamshedpur news updates jamshedpur man burns his house After Fight with wife man burnt his house man house burnt