द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे की पत्नी स्वप्ना संचिता से एसीबी की टीम लगातार पूछताछ कर रही है। रविवार सुबह एसीबी के डीआईजी, एसपी और अन्य अधिकारी राजधानी रांची के कांके रोड स्थित चौबे के आवास पहुंचे, जहां स्वप्ना संचिता से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। इससे पहले 3 दिसंबर को भी एसीबी अधिकारियों ने उनके घर पर जाकर बयान दर्ज किया था।

एसीबी ने 24 नवंबर को विनय चौबे के खिलाफ चौथी एफआईआर दर्ज की थी। इस प्राथमिकी में कुल सात लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिन पर भ्रष्टाचार में शामिल होने और अवैध तरीकों से भारी संपत्ति जुटाने का आरोप है। नामजद व्यक्तियों में विनय चौबे के अलावा उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता, उनके करीबी मित्र और कथित तौर पर अवैध संपत्ति निवेश में शामिल विनय सिंह, उनकी पत्नी संचिता सिंह, चौबे के साले शिपिज त्रिवेदी, उनकी पत्नी प्रियांका त्रिवेदी, और चौबे के ससुर एस.एन. त्रिवेदी शामिल हैं।

एफआईआर में करोड़ों रुपये के कथित वित्तीय अनियमितताओं, फर्जी लेन-देन और परिवार व परिचितों के माध्यम से संपत्ति जुटाने के गंभीर आरोप दर्ज हैं। इसके अलावा, विनय चौबे और विनय सिंह शराब घोटाला और भूमि घोटाला से जुड़े मामलों में पहले से ही न्यायिक हिरासत में हैं।