logo

गिरिडीह में बच्चा चोरी के शक में युवक पकड़ा, खंभे से बांधकर पीटा

poll1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के काजीमगहा गांव में सोमवार शाम बच्चा चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी। आरोप है कि युवक गांव के एक छोटे बच्चे को बहला-फुसलाकर ले जाने की कोशिश कर रहा था। उसकी गतिविधियों पर संदेह होने पर ग्रामीणों ने उसे रोककर पूछताछ की, लेकिन उसके जवाबों में विरोधाभास मिला। इसी बीच उसने भागने का प्रयास किया, जिसके बाद ग्रामीण और आक्रोशित हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। तत्परता दिखाते हुए ग्रामीणों ने इसकी सूचना जमुआ थाना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ से युवक को सुरक्षित निकालकर थाने ले आई।

पूछताछ में आरोपी की पहचान बिहार के मुंगेर निवासी संजीव कुमार के रूप में हुई है। जमुआ थाना प्रभारी प्रदीप दास ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। युवक से पूछताछ जारी है ताकि पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें, लेकिन कानून हाथ में न लें।