द फॉलोअप डेस्क
रांची के चुटिया थाना पुलिस ने स्टेशन रोड इलाके से एक युवक को गांजा के साथ पकड़कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार युवक की पहचान अंकित कुमार दत्ता, निवासी अयोध्यापुरी, चुटिया के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चुटिया पटेल चौक के पास स्थित एक गुमटी से गांजा और ब्राउन शुगर की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी पूनम कुजूर ने पुलिस टीम के साथ शनिवार देर रात छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गुमटी से 70 पुड़िया गांजा बरामद किया गया और मौके से आरोपी को पकड़ा गया। पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि वह गांजा खरीदकर लाता था और फिर उसे महंगे दामों पर बाजार में बेचता था। पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
