जमशेदपुर:
पुराना सोनारी स्थित गांधी रोड में एक युवती ने आत्महत्या कर ली है. मृतका की पहचान 27 वर्षीय पूजा कुमारी के रूप में हुई है. घटना 9 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे की है. बताया जा रहा है कि घर में पूजा कुमारी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था. काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को शक हुआ, तो दरवाजा तोड़ा गय. अंदर वह पंखे से फंदे के सहारे लटकी मिली. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पिता ने सोनारी थाने में दर्ज कराया केस
इधर, मृतका के पिता बैजनाथ प्रसाद ने सिदगोड़ा निवासी विजय कुमार के खिलाफ सोनारी थाना में आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है. उन्होंने आरोप लगाया है कि विजय कुमार के व्यवहार और बातों से उनकी बेटी मानसिक रूप से आहत थी, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया.
पूजा के लिए देखा जा रहा था रिश्ता
परिजनों के अनुसार, पूजा की शादी को लेकर हाल ही में परिवार वाले लड़का देखने गए थे. वहां से लौटने पर पूजा ने घर वालों को बताया था कि वो एक लड़के से प्रेम करती है और उसी से शादी करना चाहती है. घटना से एक दिन पहले पूजा की विजय कुमार से फोन पर बातचीत भी हुई थी. आरोप है कि इस बातचीत के दौरान युवक ने कुछ ऐसी बातें कहीं, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई. इसी तनाव में आकर उसने अगले दिन आत्महत्या कर ली.
पढ़ाई के दौरान शुरू हुआ था प्रेम-प्रसंग
बताया जा रहा है कि पूजा और विजय कुमार की मुलाकात चाईबासा में बीटेक की पढ़ाई के दौरान हुई थी, जहां से दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हुआ. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है.