logo

मोटर पंप चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि गिरफ्तार

mob_lynching3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची जिले के बुढ़मू थाना क्षेत्र अंतर्गत चांया गांव में चोरी के संदेह में एक युवक की भीड़ द्वारा बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में 18 वर्षीय विक्की नायक की मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले के मुख्य आरोपी और पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि कामेश्वर यादव को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, करीब आठ दिन पहले गांव में कामेश्वर यादव और विष्णु यादव के कुएं से मोटर पंप चोरी हो गए थे। चार दिन बाद एक मोटर पंप वापस मिल गया, जबकि दूसरा पंप अब तक बरामद नहीं हो सका। इसी आधार पर ग्रामीणों ने विक्की नायक और विवेक मुंडा पर चोरी का शक जताया। जहां विवेक को हल्की मारपीट के बाद छोड़ दिया गया, वहीं विक्की की लात-घूंसों और डंडों से इतनी बेरहमी से पिटाई की गई कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। रिम्स ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक की मां भुटकी देवी ने बताया कि गुरुवार रात कामेश्वर यादव उनके घर आया था और विक्की पर चोरी का आरोप स्वीकार करने का दबाव बनाया था।शुक्रवार सुबह जब विक्की शौच के लिए गया, तो उसे जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाया गया। मां के अनुसार, विक्की लगातार खुद को बेगुनाह बताता रहा, लेकिन भीड़ ने उसकी एक न सुनी।