पलामू
पांकी थाना क्षेत्र के ढूब पंचायत अंतर्गत उक्सू गांव में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी अनुज सिंह (34 वर्ष), पिता स्वर्गीय नागेश्वर सिंह, खेत में घांस काटने गए थे। इसी दौरान पानी पटाने के लिए लगी सिंचाई लाइन के संपर्क में आने से वे करंट की चपेट में आ गए। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार करंट लगते ही अनुज सिंह मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से गांव में शोक का माहौल है।
परिजनों के मुताबिक, अनुज खेत में घास काट रहे थे, तभी खेत में गिरे बिजली के तार से करंट की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह हादसा बिजली विभाग की लापरवाही का नतीजा है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
