logo

जमशेदपुर : आस्था ट्वीन सिटी में महिला से चेन स्नैचिंग, रिटायर्ड टाटा स्टील कर्मी की पत्नी बनी निशाना

fdcc.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित आस्था ट्वीन सिटी परिसर में शनिवार रात एक बार फिर अपराधियों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार दो बदमाशों ने रिटायर्ड टाटा स्टील कर्मी नंदलाल ओझा की पत्नी विभा देवी के गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गये।
घटना रात करीब नौ बजे की है। नंदलाल ओझा के अनुसार, वे अपनी पत्नी के साथ सिदगोड़ा स्थित एक रिश्तेदार के घर से लौटे थे। टेंपो से आस्था ट्वीन सिटी स्थित अपने फ्लैट के पास पहुंचे थे। पत्नी जैसे ही टेंपो से उतरकर खड़ी हुईं और वे किराया देने लगे, तभी एक बदमाश अचानक आया और झपट्टा मारकर विभा देवी के गले से लॉकेट लगी सोने की चेन छीन ली। कुछ ही दूरी पर उसका साथी बाइक लेकर पहले से तैयार खड़ा था। चेन छीनते ही दोनों बदमाश बाइक पर सवार होकर मोहरदा की ओर तेजी से फरार हो गये।
पीड़ित के मुताबिक छीनी गई चेन की कीमत करीब सवा दो लाख रुपये है। घटना के तुरंत बाद 100 डायल कर पुलिस को सूचना दी गई। वारदात के बाद कॉलोनी में आक्रोश फैल गया। रविवार को आस्था ट्वीन सिटी के निवासी बड़ी संख्या में बिरसानगर थाना पहुंचे और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। इधर, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की पहचान के प्रयास जारी हैं और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

 

Tags - Jamshedpur chain snatching Birsa Nagar crime news Jamshedpur robbery case Jharkhand crime news today Crime in Jamshedpur 2026 Gold chain snatching Jharkhand Tata Steel employee family robbery Chain snatching in residential colony