logo

गढ़वा में जंगली हाथी ने महिला को कुचलकर मार डाला, इलाके में दहशत फैल गई

पोूपग1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के गढ़वा जिले के चिनियां थाना क्षेत्र स्थित बेता गांव में देर रात एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। गांव की निवासी मानती देवी को एक आवारा जंगली हाथी ने बेरहमी से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के अनुसार, मानती देवी तुरीमुंडा गांव में एक शादी के तिलक समारोह में शामिल होने गई थीं। देर रात जब वह धान की क्यारी के पास से गुजरने वाली पगडंडी से होकर घर लौट रही थीं, तभी धान का पका बोझा खा रहा एक अकेला हाथी अचानक उनके सामने आ गया। अंधेरा होने के कारण महिला को हाथी का आभास नहीं हो सका और जैसे ही हाथी ने उन्हें पास देखा, वह भड़क गया। उसने पहले महिला को पटक दिया और फिर कुचलकर उनकी मौके पर ही मौत कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम देर रात मौके पर पहुंची। बताया गया कि शव की स्थिति अत्यंत क्षतिग्रस्त थी, जिसे एक चादर में समेटकर चिनियां वन कार्यालय लाया गया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है।

इधर, मृतका के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। लगातार हो रही हाथी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है। यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि आखिर कब तक बेगुनाह ग्रामीण जंगली हाथियों के आतंक का शिकार होते रहेंगे।