logo

बोनट पर बैठकर हथियार लहराने का वीडियो पड़ा भारी, मंत्री दीपक बिरुआ ने लिया संज्ञान

वदलोू2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गाड़ी के बोनट पर बैठकर युवक युवती को हथियार लहराना मंहगा पड़ गया। इस वायरल वीडियो पर झारखंड के परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने सख्त संज्ञान लिया है। मंत्री ने पलामू डीसी को साफ निर्देश देते हुए कहा है, अविलंब कार्रवाई करें और रिपोर्ट दें। दीपक बिरुआ यहीं नहीं रुके। उन्होंने तीखे शब्दों में सवाल उठाया-आखिर युवाओं को हो क्या गया है? जिन्हें न कानून का डर है, न नियमों से कोई मतलब। और जो बेटी है, उसे तो अपने संस्कारों के बारे में जरूर सोचना चाहिए। दरअसल, यह पूरा मामला तब सामने आया जब एक युवक ने ट्विटर पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा- हाथ में हथियार और गाड़ी के बोनट पर बैठकर वीडियो बनाया जा रहा है। यह गाड़ी पलामू जिले की है। ऐसे वीडियो क्रिएटर्स पर कार्रवाई होनी चाहिए, जो खुलेआम नियम-कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं। उसी ट्वीट पर मंत्री दीपक बिरुआ की नजर पड़ी और तुरंत कार्रवाई के निर्देश जारी हो गए। आखिर सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून युवाओं को कहां ले जाएगा, शायद उन्हें खुद भी नहीं पता। गाड़ी के बोनट पर बैठकर हथियार लहराना न सिर्फ यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे वीडियो न सिर्फ गलत संदेश देते हैं, बल्कि बाकी युवाओं को भटकाने का काम भी करते हैं।