logo

जामताड़ा के फतेहपुर में युवाओं की अनूठी पहल, ‘द ग्राउंड प्रोजेक्ट’ के तहत सालबागान में चलाया स्वच्छता अभियान

जामताड़ा के फतेहपुर में युवाओं की अनूठी पहल, ‘द ग्राउंड प्रोजेक्ट’ के तहत सालबागान में चलाया स्वच्छता अभियान

जामताड़ा: 
Jamtara News:
जामताड़ा जिले के फतेहपुर प्रखंड के युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता की दिशा में प्रेरणादायक पहल की है। क्षेत्र के जंगलों और सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ती गंदगी को रोकने के लिए युवाओं की एक टोली ने ‘द ग्राउंड प्रोजेक्ट’ नाम से एक विशेष समूह बनाया है। इस समूह का मुख्य उद्देश्य सरकारी और विभागीय स्तर पर नियमित देखरेख के अभाव में गंदे हो रहे जंगलों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कर उन्हें स्वच्छ एवं सुंदर बनाना है।

सालबागान परिसर में चलाया स्वच्छता अभियान
इसी पहल के तहत युवाओं की टीम ने फतेहपुर स्थित सालबागान परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। प्रशासनिक मदद का इंतजार किए बिना युवाओं ने श्रमदान कर परिसर में फैले कचरे को एकत्र किया और उसे उचित स्थान पर हटाया। इसके बाद पूरे परिसर को साफ-सुथरा बनाया गया। सफाई अभियान के बाद टीम के सदस्यों ने परिसर के पेड़ों पर जागरूकता पोस्टर भी लगाए। इन पोस्टरों के माध्यम से लोगों से जंगल परिसर में कचरा नहीं फैलाने और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की अपील की गई।

नियमित पुलिस गश्त कराने की मांग
स्वच्छता अभियान पूरा करने के बाद युवाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने फतेहपुर थाना पहुंचकर थाना प्रभारी अमर सिंह तापे को लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन के माध्यम से सालबागान परिसर में नियमित पुलिस गश्त कराने की मांग की गई। युवाओं का कहना है कि नियमित गश्त से सार्वजनिक स्थल की सुरक्षा और व्यवस्था बेहतर होगी तथा असामाजिक गतिविधियों पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

डस्टबिन लगाने और नियमित सफाई की मांग
युवाओं ने बताया कि सालबागान परिसर में डस्टबिन की सुविधा नहीं होने के कारण लोग कचरा इधर-उधर फेंक देते हैं, जिससे बार-बार गंदगी फैलती है। उन्होंने संबंधित विभाग से परिसर में पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगवाने और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका मानना है कि बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होने से परिसर को लंबे समय तक स्वच्छ बनाए रखने में मदद मिलेगी।

अभियान में शामिल रहे कई युवा
इस सराहनीय पहल में नैय्यार आजम, पूजन मंडल, अल्ताब अंसारी, अजमत अंसारी, सरफराज अंसारी, अमन कुमार और फरीद अंसारी समेत कई युवा सक्रिय रूप से शामिल रहे। अभियान के अंत में युवाओं ने संदेश दिया कि सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ और सुरक्षित रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी से ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

Tags - Jamtara NewsSwachhata AbhiyanThe Ground ProjectJharkhand YouthSalbagan Fatehpur