logo

अच्छी खबर : अष्टम के नाम से बनेगा स्टेडियम, DPR हो गया है तैयार 

ASHTAM.jpg

गुमलाः 
फीफा वर्ल्ड कप (FIFA World Cup) अंडर-17 भारतीय महिला फुटबॉल टीम की कप्तान अष्टम उरांव के नाम पर स्टेडियम का निर्माण होगा। बनारी गोर्राटोली क्षेत्र में खेल को बढ़ावा देने के लिए गांव में नया स्टेडियम बनेगा। डीएसओ हेमलता बून व बीडीओ छंदा भटटाचार्य बताया कि गांव में अष्टम उरांव के नाम से स्टेडियम का निर्माण होगा। डीपीआर तैयार कर लिया गया है। बता दें कि गोर्राटोली गांव में अष्टम उरांव के नाम से सड़क भी बन रही है। जल्द ही आंबेडकर आवास योजना से अष्टम का पक्का घर व शौचालय बनाया जाएगा। 


अष्टम के सम्मान में स्टेडियम बनेगा
गुमला डीसी सुशांत गौरव ने बताया कि यह स्टेडियम अष्टम के सम्मान में बनाया जाएगा। जिस सड़क का निर्माण अष्टम के नाम पर हो रहा है उसके माता-पिता इसी सड़क के निर्माण में मजदूरी कर रहे हैं, इसी जानकारी पहले नहीं थी। गुमला डीसी ने टीवी और इनवर्टर अष्टम के घर में लगवा दिया है। आपने द फॉलोअप के पेज पर अष्टम उरांव के घर की कहानी देखी थी। 


गरीब परिवार से ताल्लुक रखतीं हैं अष्टम 
अष्टम बेहद ही गरीब परिवार से ताल्लुक रखती है। अष्टम के पिता बेंगलुरु जाकर मजदूरी किया करते हैं। फिलहाल पिता गुमला के बिशुनपुर स्थित घर में ही है और यहीं पर वह मजदूरी कर रहे हैं । बता दें कि अष्टम के घर तक जाने के लिए सड़क नहीं थी लेकिन जब यह पता चला कि उसका सिलेक्शन फीफा अंडर-17 में हुआ है तो उसके बाद ही उसके घर के सामने से सड़क बन रही है। वह भी अष्टम के नाम पर और सबसे खास बात यह है कि इस सड़क में जो मजदूर काम पर लगे हुए हैं उसमें अष्टम के माता-पिता भी शामिल हैं।