द फॉलोअप डेस्क
रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित साउथ रेलवे कॉलोनी में बुधवार रात एक तेज रफ्तार बेकाबू एसयूवी ने सड़क किनारे जा रहे लोगों को कुचल दिया। हादसे में हिनू निवासी धमेंद्र कुमार (40) की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रात करीब 10 बजे दुर्गा मंदिर के पास हुई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर रांची स्टेशन की ओर फरार हो गया। घायलों में रेलवे की टीटी अन्नपूर्णा नायडू (50), उनके पुत्र कुणाल नायडू (26), कृष्णापुरी चुटिया निवासी संदीप महतो (40), अमित सिंह (35) और प्रशांत गौरव शामिल हैं। अन्नपूर्णा और कुणाल का इलाज राज अस्पताल में चल रहा है, जबकि प्रशांत गौरव को गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

मृतक धमेंद्र कुमार मोबाइल टावर लगाने वाली कंपनी में कार्यरत थे। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साउथ रेलवे कॉलोनी में मुनचुन सिंह के गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कुछ लोग पैदल रेलवे स्टेशन की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान डोरंडा की ओर से तेज रफ्तार काले रंग की एसयूवी आई और सड़क किनारे चल रहे लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोग दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े। धमेंद्र कुमार के सिर और सीने में गंभीर चोटें आई थीं। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने धमेंद्र को मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि यही एसयूवी आगे बढ़ते हुए स्कूटी सवार मां-बेटे को भी टक्कर मारकर फरार हो गई। अन्नपूर्णा नायडू और उनका बेटा कुणाल डोरंडा बाजार से खरीदारी कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। स्कूटी कुणाल चला रहे थे। अन्नपूर्णा ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि संभलने का मौका ही नहीं मिला और दोनों सड़क पर गिर पड़े। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों और नेपाल हाउस की ओर जाने वाले मार्गों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फरार वाहन और चालक की तलाश जारी है।
.jpeg)