logo

हाट में हुई कहासुनी का खौफनाक अंत, साहिबगंज में युवक की गोली मारकर हत्या

पोोू3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज जिले के बोरियो थाना क्षेत्र के बड़ा राक्सो पंचायत में सोमवार रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पंचायत भवन के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। मृतक की पहचान बड़ा राक्सो निवासी दिलीप मड़ैया के 23 वर्षीय पुत्र संजू मड़ैया के रूप में हुई है। बताया गया है कि संजू, ग्रामीण चौकीदार सोना सिंह मड़ैया का चचेरा भतीजा था। परिजनों के अनुसार, सोमवार की शाम बांझी हाट में संजू मड़ैया और गांव के ही धुमा किस्कु के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। उस समय मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत करा दिया था। हालांकि हाट से लौटने के बाद भी दोनों के बीच तनाव बना रहा।


इसी विवाद के चलते रात करीब आठ बजे बड़ा राक्सो पंचायत भवन के समीप आरोपी धुमा किस्कु ने संजू मड़ैया पर गोली चला दी। गोली लगते ही संजू जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक संजू की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। घटना की जानकारी मिलते ही बोरियो थाना प्रभारी रोहित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, साहिबगंज भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।


पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके घर सहित संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार पाया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।