द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत कोयालाबाजार मोड़ के पास स्थित कामू की बिल्डिंग के पीछे एक सुनसान बगीचे की ओर लगभग चार वर्ष की एक मासूम बच्ची को गलत नीयत से बहला-फुसलाकर ले जाने के प्रयास का मामला सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी बच्ची को अपने साथ ले जा रहा था। इसी दौरान आसपास मौजूद अन्य बच्चियों ने यह देख लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चियों की चीख-पुकार सुनते ही आरोपी मौके से भागने लगा। इस बीच रोती हुई बच्ची को देखकर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए और बच्ची के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

परिजनों द्वारा पूछताछ करने पर बच्ची ने रोते-बिलखते पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद गांव में यह सूचना तेजी से फैल गई। घटना की जानकारी तत्काल राजमहल थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़कर हिरासत में ले लिया। पीड़ित परिवार ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से बच्ची काफी भयभीत है और मानसिक रूप से आहत है।

वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।