logo

डेढ़ साल की बच्ची में गंभीर यौन रोग, पिता भी हैं संक्रमित; डॉक्टर भी हैरान

लोनरोू2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार के बक्सर जिले से एक बेहद संवेदनशील और चिंताजनक मामला सामने आया है, जिसने स्वास्थ्य विभाग से लेकर पुलिस प्रशासन तक को सतर्क कर दिया है। जिले की डेढ़ साल की एक बच्ची में ऐसा संक्रमण पाया गया है, जो सामान्य रूप से वयस्कों में असुरक्षित शारीरिक संपर्क के जरिए फैलता है। पटना एम्स की मेडिकल जांच के बाद इस मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले का खुलासा तब हुआ जब कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र की रहने वाली बच्ची की मां ने शौच साफ करने के दौरान बच्ची के निजी अंगों में असामान्य दाने देखे। स्थिति सामान्य न लगने पर उसने इसकी जानकारी बच्ची के पिता को दी, जिसके बाद दोनों बच्ची को पहले स्थानीय डॉक्टर और फिर पटना एम्स लेकर पहुंचे।
 

एम्स के डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची में जिस तरह के संक्रमण के लक्षण पाए गए हैं, वे चिकित्सकीय रूप से बेहद असामान्य हैं, खासकर इतनी कम उम्र में। डॉक्टरों का कहना है कि यह संक्रमण आमतौर पर संक्रमित पुरुष के संपर्क में आने से महिलाओं में देखा जाता है। इसी आधार पर एम्स प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित विभागों को रिपोर्ट भेजी। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि बच्ची के पिता में भी उसी प्रकार के संक्रमण की पुष्टि हुई है। हालांकि पुलिस इसे अभी जांच का विषय मान रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। महिला थाना प्रभारी प्रतिभा कुमारी के अनुसार, बच्ची की मां ने फिलहाल पिता पर किसी प्रकार का आरोप लगाने से इनकार किया है, जिससे मामला और पेचीदा हो गया है।


पुलिस ने पटना एम्स की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और गहन जांच जारी है। मामले की सूचना 7 जनवरी को चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर दी गई थी, जिसके माध्यम से यह जानकारी बक्सर पुलिस तक पहुंची। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के मामलों में जल्दबाजी में निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होता। संक्रमण कई कारणों से हो सकता है, जिसमें गर्भावस्था, प्रसव या स्तनपान के दौरान मां से बच्चे में संक्रमण पहुंचने की संभावना भी शामिल है। इसलिए मेडिकल, सामाजिक और पारिवारिक सभी पहलुओं की वैज्ञानिक और निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है।