गुमला:
गुमला जिला के घाघरा थानाक्षेत्र अंतर्गत एक गांव में नाबालिग जोड़े ने कीटनाशक खा लिया। दोनों की हालत गंभीर थी तो परिजनों ने उन्हें गुमला सदर अस्पताल में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लड़की को रिम्स रेफर कर दिया, हालांकि, वहां पहुंचने से पहले पिस्का मोड़ के पास ही उसकी मौत हो गई। लड़के का इलाज गुमला सदर अस्पताल में जारी है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि नाबालिग जोड़े ने कीटनाशक क्यों खाया। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

25 मई को लापता हुआ था नाबालिग जोड़ा
मृतका की मां ने पुलिस को बताया कि बीते 25 मई की दोपहर को गांव का ही लड़का उनकी बेटी को अपने साथ ले गया था। काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला। बीते शुक्रवार की देर शाम को उनकी बेटी सरनाटांड़ में फसल की देखभाल के लिए बने कमरे में बेहोशी की हालत में मिली। मृतका की मां का दावा है कि बेटी नग्न हालत में कमरे में पड़ी थी।

सब्जी में डालने वाला कीटनाशक खाया
मृत लड़की की मां का कहना है कि लड़के ने उन्हें बताया कि उन्होंने सब्जी में डालने वाला कीटनाशक खा लिया है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि लड़के और लड़की ने जहर क्यों खाया। पुलिस, शिकायत दर्ज करके छानबीन में जुटी है।