द फॉलोअप डेस्क
आनंद विहार से पुरी जा रही नंदन कानन एक्सप्रेस ट्रेन के जनरल कोच से एक 10 माह के बच्चे की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है। पीड़िता महिला ने मीरजापुर स्टेशन पर ट्रेन के रुकने के दौरान जीआरपी थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। जानकारी के अनुसार अलीगढ़ जिले के कोअरचि थाना क्षेत्र के धोरा गांव निवासी मुन्नी अंसारी अपने 10 माह के बच्चे के साथ अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंची थी। महिला को कोडरमा के रास्ते गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र अंतर्गत पीहरा गांव स्थित अपने मायके जाना था। इसी दौरान स्टेशन परिसर में उसकी मुलाकात एक युवक से हुई, जिसने हरे रंग का स्वेटर पहन रखा था। युवक ने खुद को गया तक यात्रा करने वाला बताया।

बताया जा रहा है कि ट्रेन के आने पर वह युवक भी महिला के पीछे-पीछे जनरल कोच में सवार हो गया। दोपहर करीब सवा एक बजे चलती ट्रेन में युवक ने महिला को अपने पास रखे लड्डू खाने के लिए दिए। लड्डू खाने के कुछ ही देर बाद महिला बेहोश हो गई। जब प्रयागराज स्टेशन पार करने के कुछ समय बाद महिला को होश आया, तो उसने अपने बच्चे को गायब पाया। आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ करने पर बताया गया कि वही युवक, जो उसके साथ बैठा था, ट्रेन के किसी स्टेशन पर रुकने के दौरान बच्चे को लेकर उतर गया। हालांकि वह किस स्टेशन पर उतरा, इसकी स्पष्ट जानकारी किसी को नहीं है।

घटना से आहत महिला रोने लगी, जिसके बाद कोच में मौजूद एक यात्री ने रेल मदद एप के जरिए हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दी। इस संबंध में एसआई अखिलेश राय ने बताया कि महिला को जीआरपी थाने में लिखित तहरीर देने के लिए कहा गया है। आवेदन मिलने के बाद जीआरपी द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।