द फॉलोअप डेस्क
रांची के सिल्ली क्षेत्र के पतराहातू गांव में मंगलवार की सुबह अचानक दहशत का माहौल बन गया, जब एक लकड़बग्घा आदर्श हाईस्कूल के परिसर में घुस गया। स्कूल में उस वक्त 100 से अधिक बच्चे मौजूद थे और पढ़ाई चल रही थी। सूचना के अनुसार, सुबह 8 बजे गांव में लकड़बग्घा दिखाई दिया, जिससे लोग डर गए। कुछ ही समय में यह जानवर स्कूल के पुराने कमरे में प्रवेश कर गया। स्कूल के प्रधानाध्यापक पवन कुमार सिंह ने बताया कि लकड़बग्घा कक्षाओं में नहीं बल्कि स्कूल भवन के पुराने कमरे में गया, जिससे बच्चों की पढ़ाई करीब एक घंटे तक बाधित रही।

घटना की सूचना मिलते ही सिल्ली के प्रभारी वनपाल जेपी साहू ने रांची से विशेषज्ञ टीम बुलाई। बिरसा जैविक उद्यान, ओरमांझी की टीम सुबह 10 बजे स्कूल पहुंची और तीन घंटे की मशक्कत के बाद लकड़बग्घे को सुरक्षित बाहर निकालकर रेस्क्यू कर अपने साथ ले गई। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जंगली जानवर को देखने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि बच्चों और जानवर दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। यह घटना गांव में थोड़ी देर अफरातफरी फैलाने वाली रही, लेकिन विशेषज्ञ टीम की त्वरित कार्रवाई से किसी को चोट नहीं आई।