logo

रातू कठितांड शिव मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा, ओम शंकर गुप्ता हुए शामिल, कहा- समाज की भलाई ही सच्चा धर्म

kjnjkglbjh.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रातू कठितांड पावर हाउस स्थित भव्य शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शनिवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में कठितांड और रातू क्षेत्र की बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया। ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और "हर हर महादेव" के जयघोष के साथ निकली इस कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर पारंपरिक वेशभूषा में यात्रा को गरिमामय स्वरूप प्रदान किया।
इस अवसर पर हटिया विधय्सभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी ओम शंकर गुप्ता ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का यह पावन दिन केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि माता–बहनों ने जिस श्रद्धा और उत्साह के साथ कलश यात्रा में भाग लिया है, वह अत्यंत सराहनीय है और समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने आगे कहा कि भगवान शिव त्याग, तपस्या और करुणा के प्रतीक हैं। वे स्वयं कष्ट सहकर भी समाज को सुख और कल्याण प्रदान करते हैं। उनका जीवन हमें सिखाता है कि समाज की भलाई ही सच्चा धर्म है। कलश यात्रा के सफल आयोजन के लिए मंदिर संचालन समिति और क्षेत्रवासियों की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।