logo

झारखंड से दान में आए 51 लाख के मुकुट की बिहार के थावे मंदिर से चोरी, भारी सुरक्षा पर उठे सवाल

ूपोोना.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार के गोपालगंज जिले में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ थावे मंदिर में बुधवार रात चोरी की बड़ी और चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद अज्ञात चोरों ने मां दुर्गा की प्रतिमा से सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान में सोने का मुकुट, हार, छतरी सहित अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं। यही नहीं, मंदिर परिसर में बने लॉकर को तोड़कर चोर दानपेटी भी अपने साथ ले गए। चोरी गया सोने का मुकुट खास तौर पर चर्चा में है, क्योंकि इसे झारखंड के एक कारोबारी ने मां थावेवाली को दान स्वरूप भेंट किया था। मुकुट का वजन करीब 251 ग्राम बताया जा रहा है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 51 लाख रुपये आंकी गई है। इस घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है।

गुरुवार सुबह जब मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना के लिए गर्भगृह पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि मंदिर के अंदर सामान बिखरा पड़ा है और मां दुर्गा के आभूषण गायब हैं। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि चोरी की घटना रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दो अज्ञात चोर चेहरे पर मास्क लगाए हुए थे। वे मंदिर के पीछे के रास्ते से सीढ़ी लगाकर अंदर घुसे और कटर की मदद से ताले काटे। इसके बाद उन्होंने मां दुर्गा की प्रतिमा से सोने का मुकुट, छतरी और अन्य आभूषण उतार लिए और उसी रास्ते से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मंदिर परिसर को घेर लिया। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की जांच में जुटी है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है। एसपी अवधेश दीक्षित ने यह भी कहा कि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की जा रही है। मंदिर में तैनात निजी सुरक्षा गार्ड की भूमिका की भी जांच होगी और लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में थावे मंदिर की सुरक्षा को और पुख्ता करने के निर्देश दिए गए हैं।