logo

रांची के डोरंडा कॉलेज में सुतली बम धमाका, परिसर में मचा हड़कंप

ेहूतग.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के डोरंडा कॉलेज में बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब परिसर में अचानक सुतली बम फटने की तेज आवाज सुनाई दी। यह विस्फोट कॉलेज के बाथरूम के अंदर हुआ, जिसमें खिड़कियों के शीशे टूट गए और आसपास मौजूद छात्रों में दहशत फैल गई। घटना के बाद कॉलेज स्टाफ और छात्र-छात्राओं में भय का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बाथरूम सहित पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी। कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि परिसर के अंदर विस्फोटक सामग्री पहुंच जाना प्रशासनिक चूक को उजागर करता है।

घटना के समय कॉलेज प्रिंसिपल संत जेवियर्स कॉलेज में एक मीटिंग के सिलसिले में मौजूद थे। मामले की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तुरंत सीसीटीवी फुटेज की जांच का निर्देश दिया। जांच टीम ने उन छात्रों से पूछताछ की है, जिन्होंने विस्फोट से पहले बाथरूम का उपयोग किया था। सूत्रों के अनुसार, विस्फोट से ठीक पहले वॉशरूम से निकलने वाला एक छात्र अभी जांच टीम के सामने पेश नहीं हो सका है। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि गुरुवार को उस छात्र से औपचारिक पूछताछ की जाएगी। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है और कॉलेज ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करने की बात कही है।